
आईआईटी मुंबई के एक छात्र ने की आत्महत्या
मुंबई। देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में से एक आईआईटी बॉम्बे के एक छात्र ने बीती रात आत्महत्या कर ली है। जानकारी के मुताबिक सुबह तकरीबन साढ़े चार बजे के आसपास छात्र ने हॉस्टल की सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की। इस घटना के बाद छात्र को आनन-फानन में मुंबई के राजावाडी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक यह छात्र डिप्रेशन का शिकार था। २६ वर्षीय यह छात्र इंजीनियरिंग में मास्टर्स के द्वितीय वर्ष में पढ़ाई करता था। मौके से सुसाइड नोट भी बरामद होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है।